शिक्षा के मंदिर में हिंसा? आखिर क्यों बढ़ रही है बच्चों में क्रूरता?

हाल ही में देशभर में हुई कुछ घटनाओं ने हम सबको झंझोर कर रख दिया है। अहमदाबाद के एक प्रतिष्ठित स्कूल में एक छात्र द्वारा दूसरे छात्र पर किया गया जानलेवा हमला हो, या फिर देहरादून में एक छात्र द्वारा अपने ही शिक्षक पर गोली चलाने की घटना हो – ये घटनाएं सिर्फ एक क्रूर कृत्य नहीं, बल्कि हमारे समाज की गहरी बीमारी का संकेत हैं।

ये कोई इक्का-दुक्का घटनाएं नहीं हैं, बल्कि एक खतरनाक पैटर्न है। ये सवाल सिर्फ एक परिवार को ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को गंभीर प्रश्नों के सामने खड़ा करते हैं:

क्या हम माता-पिता के तौर पर वाकई जागृत हैं?

क्या बच्चों के व्यवहार और मूल्यों की जिम्मेदारी सिर्फ स्कूल की है?

क्या माता-पिता के तौर पर हमारी जिम्मेदारी उतनी ही महत्वपूर्ण नहीं है?

ऐसी घटनाओं से एक कड़वी सच्चाई भी सामने आती है कि आज की शिक्षा व्यवस्था कहीं न कहीं विफल हो रही है। हम केवल अंकों और प्रतिशत के पीछे भागते हैं, लेकिन बच्चों को जीवन के सही मूल्य, संवेदना और भावनाओं की शिक्षा देना भूल गए हैं।

हमारे स्कूल सिर्फ ज्ञान बांटने वाली फैक्ट्रियां बन गए हैं। वहाँ ऐसे सच्चे शिक्षाविदों की ज़रूरत है, जो केवल वेतन या आर्थिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगी विकास के लिए समर्पित हों। जहाँ शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ नौकरी पाना नहीं, बल्कि एक अच्छा और जिम्मेदार नागरिक बनाना हो।

आज के समय में सोशियल मीडिया बच्चों के लिए एक बड़ा आकर्षण है। मनोरंजन के लिए शुरू हुई स्क्रॉलिंग धीरे-धीरे एक लत बन जाती है।

हिंसक गेम्स, नकारात्मक वीडियो, और सोशियल मीडिया पर होने वाली गलत तुलनाएँ – ये सब बच्चे के मन पर गहरा असर डालते हैं, जो आगे चलकर हताशा, गुस्सा और हिंसा जैसी नकारात्मक भावनाओं को जन्म देता है।

छोटी उम्र में वे वास्तविक जीवन और वर्चुअल दुनिया के बीच का अंतर समझ नहीं पाते। क्या हमने कभी सोचा है कि,

  • हमारा बच्चा सोशियल मीडिया पर क्या देख रहा है?
  • उसके दोस्त कौन हैं?
  • उसके मन में क्या विचार चल रहे हैं?

इस डिजिटल प्रदूषण को रोकने के लिए सिर्फ माता-पिता ही नहीं, बल्कि सरकार को भी सख्त कदम उठाने की ज़रूरत है। सोशियल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मौजूद हिंसक और नकारात्मक सामग्री को नियंत्रित करना, और बच्चों के लिए एक सुरक्षित ऑनलाइन वातावरण बनाना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

ऐसी घटनाओं से बचने के लिए हमें कुछ सकारात्मक कदम उठाने की ज़रूरत है:

  • घर में मोबाइल और इंटरनेट के इस्तेमाल के लिए एक निश्चित समय सीमा तय करें।
  • हर रोज़ बच्चों के साथ थोड़ा समय बिताएं, उनके दोस्तों, स्कूल के अनुभवों और उनके विचारों के बारे में बात करें।
  • बच्चों को शैक्षिक, प्रेरणादायक और रचनात्मक सामग्री की ओर प्रोत्साहित करें।
  • अगर बच्चे के व्यवहार में कोई बदलाव दिखे, तो मनोवैज्ञानिकों और काउंसलरों से संपर्क करने में संकोच न करें।

दोस्तों, बच्चों का भविष्य केवल स्कूल के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता।

स्कूल, शिक्षक और माता-पिता – इन तीनों की मजबूत भागीदारी से ही बच्चों को सही दिशा मिल सकती है।

आज हम जागृत होंगे, तो ही भविष्य में ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं को रोका जा सकेगा।

 

याद रखें, बच्चों की सुरक्षा, संस्कार और संवेदनशीलता – यह हम सबकी सामूहिक ज़िम्मेदारी है।

Share:

© 2023 Abhivyaktee. Powered by Abhivyaktee